पंजाब में, मुक्तसर में अत्यधिक गर्म मौसम रहा, जहां दिन का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री जबकि रोहतक में अधिकतम 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस जबकि करनाल में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि अमृतसर में 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री जबकि पटियाला में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जालंधर और होशियारपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.2 डिग्री और 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मोगा में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री जबकि फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहीं सोमवार तो मंगलवार से राहत
इस बीच, मौसम विभाग ने मंगलवार को दोनों राज्यों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है जबकि अगले 48 घंटों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू कश्मीर में, जम्मू क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में लू का प्रकोप रहा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान मौसम के उच्च स्तर 43.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कटरा में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शनिवार को वहां तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में रात का तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार शाम से भीषण गर्मी से राहत मिलने का अनुमान जताया है। एक अधिकारी ने कहा, ’16 मई तक शुष्क और साफ मौसम जारी रहने की संभावना है। 16 मई (शाम) से 18 मई तक मध्यम बारिश या कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज के साथ बौछार पड़ने और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है।’
मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में रविवार को उमस भरे मौसम से लोगों को थोड़ी राहत मिली और तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि नौगांव और खजुराहो शहर में रविवार को भीषण लू की स्थिति रही। रविवार को राज्य के दमोह, सतना, ग्वालियर, सीधी एवं रीवा जिले लू की चपेट में रहे। भोपाल में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस , जबलपुर में 43.9 डिग्री सेल्सियस और ग्वालियर में 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक होने पर लू की स्थिति घोषित की जाती है। आईएमडी के अनुसार, यदि तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक है तो गंभीर लू की स्थिति घोषित की जाती है।