मध्य पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार और मंगलवार को जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ हल्की/मध्यम वर्षा, गरज के साथ हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान जताया था। आईएमडी ने मॉनसून के एक जून की सामान्य शुरुआत की तारीख से पांच दिन पहले 27 मई को केरल में मौसमी बारिश के जल्दी आगमन का अनुमान जताया है।
अगले पांच दिनों के दौरान लक्षद्वीप और उत्तरी तमिलनाडु तट पर चक्रवाती परिसंचरण की उपस्थिति से केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर गरज/चमक/तेज हवाओं के साथ काफी व्यापक वर्षा होने की उम्मीद है। मौसम कार्यालय ने कहा कि तमिलनाडु में सोमवार से बुधवार तक और अगले दो दिनों में लक्षद्वीप क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि बुधवार को तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी वर्षा की संभावना है।
दिल्ली में आंधी चलने का अनुमान, गर्मी से मिल सकती हे राहत
राजधानी में सोमवार को सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी चलने का अनुमान भी जताया है, जिससे तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में चक्रवाती परिसंचरण के कारण मॉनसून पूर्व गतिविधियां सक्रिय हो सकती हैं, जिससे सोमवार और मंगलवार को लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को गरज के साथ छींटे पड़ने या आंधी चलने की संभावना है। सोमवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में आर्द्रता का स्तर 22 प्रतिशत था। अधिकतम तापमान के 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।