Sindhu Dhara

समाज की पहचान # सिंध की उत्पति एवं इतिहास<> सिंधी भाषा का ज्ञान <> प्रेणादायक,ज्ञानवर्धक,मनोरंजक कहानिया/ प्रसंग (on youtube channel)<>  सिंधी समाज के लिए,वैवाहिक सेवाएँ <> सिंधी समाज के समाचार और हलचल <>
मौर्य और गुप्त काल में भारत की समुद्री ताकत… पीएम मोदी ने बताया कैसे एक वक्त अंग्रेज भी डरते थे इससे


नई दिल्ली: भारत के समुद्री इतिहास में अब तक के सबसे बड़े जहाज स्वदेशी आईएनएस विक्रांत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को समर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने नए नौसेना ध्वज (निशान) का भी अनावरण किया। पीएम मोदी ने कोच्चि में इस मौके पर कहा कि भारतीय जहाजों और नौकाओं की ताकत आजादी के पूर्व ऐसी थी जिससे दुश्मन कांपते थे। पीएम मोदी ने कहा कि मौर्य-गुप्त काल में भी भारत के समुद्री सामर्थ्य का डंका पूरे विश्व में बजता था। अंग्रेज जब भारत आए तो उन्हें भी इसकी ताकत का अंदाजा लगा और उस पर चोट पहुंचाने के लिए ब्रिटिश संसद में कानून भी लाया गया।

शुक्रवार पीएम मोदी ने कहा कि हमारे यहां जहाजों और नौकाओं के अलग-अलग प्रकार होते थे। हमारे वेदों में भी नौकाओं, जहाजों और समुद्र से जुड़े कितने ही मंत्र आते हैं। वैदिक काल से लेकर आगे भी भारत के समुद्री सामर्थ्य का डंका पूरे विश्व में बजता था। छत्रपति शिवाजी महाराज ने ऐसी नौसैना का निर्माण किया जिसने दुश्मनों की नींद उड़ाकर रख दी।

जब अंग्रेज भारत आए तो वो भारतीय जहाजों और उनके जरिए होने वाले व्यापार की ताकत से घबराए रहते थे। इसलिए भारत की समुद्री सामर्थ्य की कमर तोड़ने का उन्होंने फैसला लिया। इतिहास गवाह है कि कैसे ब्रिटिश संसद में कानून बनाकर भारतीय जहाजों और व्यापारियों पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए गए। भारत के पास प्रतिभा थी अनुभव था लेकिन हमारे लोग इस कुटिलता के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे। हम कमजोर पड़े और गुलामी के कालखंड में अपनी ताकत को धीरे-धीरे भुला बैठे।

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में भारत अपनी खोई हुई शक्ति को वापस ला रहा है। आज 2 सितंबर 2022 को इतिहास बदलने वाला काम हुआ है। गुलामी का एक निशान और बोझ को हमने अपने सीने से उतार दिया है। भारतीय नौसेना को नया ध्वज मिला है। आज से छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरित नौसेना का नया ध्वज समंदर और आसमान में लहराएगा। पीएम मोदी ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता नवीन सूर्य की नवीन प्रभा नमो नमो नमो स्वतंत्र भारत की ध्वजा के जरिए नौसेना के नए ध्वज को देश को समर्पित किया।



Source link

By admin