केरल में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सम्पन्न
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ केरल में गुरुवार को सम्पन्न हुई। राहुल गांधी ने गुरुवार सुबह यहां चुंगथारा के मार्थोमा कॉलेज जंक्शन से पदयात्रा शुरू की थी, जो लगभग 8.6 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद वाझिकदावु में सीकेएचएस मणिमूली पहुंची। यह केरल में यात्रा का अंतिम पड़ाव था। गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह ने केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य सभी को धन्यवाद दिया जो राज्य में 18 दिन से अधिक समय तक पदयात्रा का हिस्सा बने।
गांधी ने ट्वीट किया, ‘घर वहीं है जहां आपको प्यार मिले और केरल मेरा घर है। मैं कितना भी स्नेह दे दूं, मुझे यहां के लोगों से बदले में उससे हमेशा अधिक ही मिलता है। मैं सदा ऋणी रहूंगा। शुक्रिया।’ उन्होंने कहा, ‘ मैं कांग्रेस, यूडीएफ के नेताओं व कार्यकर्ताओं, केरल पुलिस, मीडिया कर्मियों और इस खूबसूरत राज्य में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का हिस्सा बनने वाले हर एक का पूरे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। आपने हमें जो समर्थन दिया है, वह हमारे संकल्प को और मजबूत बनाता है।’
भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को कर्नाटक में करेगी प्रवेश
केरल में अपने चरण के समापन के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को कर्नाटक में प्रवेश करने वाली है। कर्नाटक में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस यात्रा का स्वागत करने और इसके लिए अधिकतम समर्थन जुटाने के लिए अंतिम तैयारी कर रही है। यह चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट कस्बे से होते हुए राज्य में प्रवेश करेगी। गुंडलूपेट, मांड्या, मैसूर, चित्रदुर्ग और बेल्लारी में रैलियों की योजना बनाई गई है। यात्रा राज्य के रायचूर जिले के माध्यम से पड़ोसी आंध्र प्रदेश राज्य में प्रवेश करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार अन्य नेताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा को बड़ी सफलता दिलाने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पूरे राज्य का दौरा किया था और नेताओं को राहुल गांधी के साथ चलने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को इकट्ठा करने की विशिष्ट जिम्मेदारी सौंपी हैं।