कांग्रेस कार्यसमिति की जगह करेगी काम
पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आदेश में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संविधान के अनुच्छेद 15 (बी) के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने संचालन समिति का गठन किया है। यह कांग्रेस कार्य समिति के स्थान पर कार्य करेगी। सीडब्ल्यूसी कांग्रेस का निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है। संचालन समिति अब पार्टी के पूर्ण सत्र में खरगे के निर्वाचन की पुष्टि तक सभी निर्णय लेगी। इसमें सभी प्रदेश कांग्रेस समिति प्रतिनिधि शामिल होंगे। पार्टी संविधान के मुताबिक, सीडब्ल्यूसी के 11 सदस्य मनोनीत किए जाएंगे। इसमें 12 सदस्य निर्वाचित होंगे। इसके अलावा, संसद में पार्टी के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष भी कार्य समिति के सदस्य होंगे।



पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह
नई संचालन समिति में राहुल गांधी, एके एंटनी, अभिषेक मनु सिंघवी, केंद्रीय मंत्री अजय माकन, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, कुमारी सैलजा, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रियंका गांधी, तारिक अनवर, अधीर रंजन चौधरी, दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी, तारिक हामिद कारा, पीएल पूनिया, बी. मनिकम टैगोर, पूर्व सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे जयप्रकाश अग्रवाल और पूर्व विधायक देवेन्द्र यादव को जगह दी गई है।
शशि थरूर को लिस्ट में नहीं मिली जगह
कांग्रेस की नई समिति में थरूर को जगह नहीं मिलने के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि थरूर को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की सजा दी जा रही है। वहीं, कई लोगों ने कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र को लेकर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, कई लोगों ने सचिन पायलट जैसे युवा नेताओं को जगह नहीं दिए जाने की बात भी कही है।